उत्तराखण्ड की राजनीति में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या की शिकायत के बाद हलचल तेज हो गई है। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने अपने पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी पर शादी के समय पहली पत्नी की जानकारी छिपाने, दूसरी महिलाओं से कथित संबंध रखने, मारपीट करने, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। मंत्री ने अपनी और अपने नाबालिग बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है।
रेखा आर्या ने अपने फेसबुक पेज पर रोते हुए एक वीडियो साझा किया है। इसके साथ उन्होंने अपने पति की तस्वीर और दो ऑडियो भी पोस्ट किए हैं। मंत्री की शिकायत के आधार पर देहरादून के कैंट थाने में उनके पति के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस बीच, तबीयत बिगड़ने पर रेखा आर्या को कृष्णा मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही है।
फेसबुक वीडियो में छलका रेखा आर्या का दर्द
रेखा आर्या ने अपने फेसबुक पेज पर वीडियो साझा करते हुए कहा कि एक ऑडियो ने उन्हें भीतर तक झकझोर दिया है और उनके वैवाहिक जीवन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में वह भावुक होकर रोती नजर आ रही हैं। उन्होंने कहा कि ईमानदारी के साथ जीवन जीने के बदले क्या ऐसा परिणाम मिलता है?
मंत्री के मुताबिक, कथित ऑडियो सुनने के बाद उन्हें गहरा मानसिक आघात पहुंचा और अपने बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस में शिकायत देने का निर्णय लेना पड़ा।
उन्होंने महिलाओं को संदेश देते हुए कहा कि महिला आम हो या खास, उसे घरेलू अत्याचार सहने के बजाय उसके खिलाफ आवाज उठानी चाहिए। रेखा आर्या ने लोगों से संबंधित ऑडियो सुनने की बात भी कही और कहा कि उससे कई सवालों के जवाब मिल सकते हैं।
वीडियो में उन्होंने संविधान को साक्षी मानकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते रहने की बात कही। उन्होंने कहा कि वह पीड़ा में होने के बावजूद अपने कर्तव्य को नहीं भूली हैं और उन्हें ईश्वर पर भरोसा है।
6 जुलाई 2004 को हुआ था विवाह, पहली शादी छिपाने का आरोप
रेखा आर्या ने कैंट थाने में दी गई शिकायत में बताया कि उनका विवाह 6 जुलाई 2004 को उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी के साथ हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार हुआ था।
मंत्री का आरोप है कि विवाह के समय गिरधारी लाल साहू ने अपनी पहली शादी की जानकारी उनसे छिपाई थी। बाद में उन्हें पता चला कि उनके पति पहले से विवाहित थे और उनके बच्चे भी थे। शिकायत के मुताबिक, जब तक रेखा आर्या को इस कथित तथ्य की जानकारी मिली, तब तक उनके भी बच्चे हो चुके थे। इसी वजह से उन्होंने उस समय चुप रहने का फैसला किया।
हालांकि, अब मंत्री ने अपनी शिकायत में इन आरोपों को उठाते हुए पुलिस से कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
दूसरी महिलाओं से संबंध और मारपीट करने का आरोप
रेखा आर्या ने आरोप लगाया है कि उनके पति के अन्य महिलाओं के साथ भी कथित अवैध संबंध थे। जब उन्होंने इन संबंधों का विरोध किया, तो उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई। उन्होंने जान से मारने की धमकियां दिए जाने का आरोप भी लगाया है।
शिकायत के अनुसार, शुरुआत में गिरधारी लाल साहू ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए मौखिक और लिखित रूप से माफी मांगी थी। लेकिन मंत्री का आरोप है कि इसके बावजूद उनके व्यवहार में सुधार नहीं हुआ और विरोध करने पर उनके साथ दुर्व्यवहार जारी रहा।
सरकारी आवास पर जातिसूचक टिप्पणी करने का भी आरोप
मंत्री ने अपनी शिकायत में एक और गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि गिरधारी लाल साहू ने सरकारी आवास में स्टाफ के सामने उनके लिए जातिसूचक और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया।
इसके अलावा, रेखा आर्या ने संबंधित कंपनियों में उन्हें निदेशक पद से हटाने के लिए कथित तौर पर फर्जी हस्ताक्षर और दस्तावेजों का सहारा लेने की कोशिश किए जाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उन्होंने न तो ऐसे दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए और न ही कोई त्यागपत्र दिया।
दो ऑडियो पोस्ट किए, हत्या की साजिश रचने का दावा
इस पूरे विवाद में सबसे गंभीर आरोप कथित हत्या की साजिश को लेकर है। रेखा आर्या ने अपने फेसबुक पेज पर दो ऑडियो साझा किए हैं और अपने पति की तस्वीर भी पोस्ट की है।
मंत्री का आरोप है कि उन्हें मिले एक ऑडियो में गिरधारी लाल साहू एक महिला से बातचीत के दौरान उनकी हत्या की साजिश से जुड़ी बातें कर रहे हैं। उन्होंने इस कथित बातचीत को अपने लिए बेहद झकझोर देने वाला बताया है।
रेखा आर्या ने अपनी और अपने नाबालिग बच्चों की जान को खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच शुरू
रेखा आर्या की शिकायत पर देहरादून के कैंट थाने में गिरधारी लाल साहू के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसपी सिटी शेखर सुयाल के मुताबिक, कैबिनेट मंत्री की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।
जांच में शिकायत में लगाए गए आरोपों, कथित ऑडियो, दस्तावेजों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की पड़ताल की जाएगी। फिलहाल, पुलिस की ओर से जांच के अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आए हैं।
तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती हुईं रेखा आर्या
मामले के बीच रेखा आर्या की तबीयत भी बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें देहरादून के कृष्णा मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया गया। अस्पताल में उनकी जांच के लिए डॉक्टरों की टीम तैनात की गई।
डॉ. सिद्धांत खन्ना के मुताबिक, अस्पताल पहुंचने के समय रेखा आर्या का ब्लड प्रेशर काफी बढ़ा हुआ था और उनकी छाती के बाईं ओर दर्द हो रहा था। उन्हें आईसीयू में भर्ती कर चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया।
डॉक्टर ने बताया कि उनकी हालत अब स्थिर है, लेकिन एहतियात के तौर पर निगरानी जारी है। हार्ट स्पेशलिस्ट भी उनकी जांच कर रहे हैं और उनका उपचार चल रहा है।